Related Posts with Thumbnails

Tuesday, 4 May 2010

उफ् बुढ़ापा हाय जवानी.........

तुम्‍हें नजर नहीं आता, इस सीट के ऊपर क्‍या लि‍खा है!!
-इस तीखी आवाज को सुनकर मेट्रो ट्रेन में अचानक सन्‍नाटा छा गया। सभी का ध्‍यान उस बूढे की तरफ गया जो उस गरीब-से नौजवान को दहकती ऑंखों से घूर रहा था। उसके बगल में एक बूढ़ा सरदार बैठा था-
हुण् माफ कर दो, मुंडा नादान है। उन्‍नानू त्वानू सीट तो देत्ती।

बूढे ने नौजवान को डॉटते हुए कहा-'वि‍कलांग' से पहले क्‍या लि‍खा है, वह तुम्‍हें नजर नहीं आता!
-मुझे पढ़ना नहीं आता!
इस बात पर बूढ़े को जैसे भरोसा नहीं हुआ और वह लगभग चि‍ल्‍लाने लगा-
-तुम्‍हें पता है, अगर मैं चाहूँ तो अगले ही स्‍टेशन पे पुलि‍स में एरैस्‍ट करवा सकता हूँ, साथ ही तुम्‍हें 200 रूपये का जुर्माना भरना पड़ सकता है।
-मेरे पास टि‍कट है!
-तो क्‍या तू कहीं भी बैठ जाएगा!बता?
पतला-दुबला-सा नौजवान,जि‍सके चेहरे पर लंबी उम्र के मुँहासे जगह-जगह भरे हुए थे, उसने सकपकाते हुए कहा-
-बूढ़े और वि‍कलांग की सीट पर तबतक तो कोई भी बैठ सकता है जबतक कोई बूढ़ा या वि‍कलांग आकर सीट न मॉंगे।
इसपर बूढे ने कहा-
-तो तू इस तरह कैसे बोल रहा था कि‍ पैर तो ठीक नजर आ रहे हैं!!


मेट्रो में खड़ी कुछ अल्‍हड़ लड़कि‍यॉं उनकी बहस सुनते हुए मंद-मंद मुस्‍कुरा रही थीं और बेबात मुस्‍कुरा देने की अपनी छवि‍ से बाहर नजर आ रही थी। उनके अलावा मुझ जैसे कई जवान इस तरह गंभीर बने हुए थे कि‍ ये बूढ़ों की लड़ाई नहीं, मैदान में खेलते हुए बच्‍चों की चि‍क-चि‍क है, इसलि‍ए इसमें पड़ना बेकार है।
दूसरे लोगों ने उस नौजवान से कहा कि‍ वह मेट्रो के अगले दरवाजे की तरफ बढ़ जाए।
वह बूढ़ा गुस्‍से में बड़बड़ा रहा था-
-तुमने इस देश के लिए कि‍या क्‍या है?
वह नौजवान भी बड़बडाते हुए उस जगह से आगे बढ़ गया कि-
मैंने तो झक मारी है पर 'तुमने' इस देश के लि‍ए क्‍या कि‍या है?
बाकी यात्रि‍यों को यह समझ नहीं आया कि‍ सीट न देने पर यह सवाल कहॉं उठता है कि‍ उसने देश के लि‍ए कि‍या क्‍या है।
कि‍सी ने हवा में एक बात उछाली-
सीट दे दो भाई,आजादी की लड़ाई में गॉंधी के पीछे यही तो खड़े थे!
इस पर बूढे को और गुस्‍सा आ गया-
बततमीजी की भी एक हद होती है, नौजवानों की इस पीढ़ी को भवि‍ष्‍य में उसके बच्‍चे ही बेघर, बेसहारा करके छोड़ेंगे।
भीड़ में से कि‍सी ने चुटकी ली-
-लगता है आपको इसी दौर से गुजरना पड़ रहा है!
बूढ़े सरदार ने उसे समझाया-
क्‍यों एक सीट के पीछे अपनी मटि‍या पलि‍त करने पर तुले हो। वह लड़का तो चला गया जि‍से सुनाना था।
उस बूढे का गुस्‍सा और भड़क गया-
आप और उसका साथ दे रहे हो!! यू डोन्‍ट लि‍सन वाट ही सैड- 'पैर तो सही नजर आ रहा है।'
सच ए नॉनसेंस पीपल थ्रोइंग दि‍स कंन्ट्री इन टू दी हेल, यू नो वैरी वेल!!

बूढ़ा सरदार बोला- बट यू डॉन्‍ट आस्‍क फॉर द सीट इन प्रोपर मैनर! अंदर आते ही आपने उसके कंधे को पकड़कर ऐसे उठाया जैसे चोरी करके आया हो!
तभी दूसरी तरफ से कि‍सी बूढे व्‍यक्‍ति‍ की आवाज आई- .... कोई और होता तो ऐसा कहने पर वह उसे एक थप्‍पड़ जड़ देता!

पीड़ि‍त बूढे को यह बात समझ नहीं आई-
थप्‍पड़ कैसे जड़ देता! आपसब लोग अगर गलत का साथ दोगे तो इसी तरह ये नौजवान लड़के सर पर चढ़कर पेशाब करेंगे!
-अरे भाई मैं आप ही के फेवर में बोल रहा हूँ कि‍ आपको उसे एक थप्‍पड़ जड़ना था। पर अब जि‍से सुनाना था, वह तो पि‍छले स्‍टॉप पर उतर गया!
बूढ़ा बड़बड़ाता रहा-
कहता है पढ़ना नहीं आता, ऊपर इशारे कर कैसे बता रहा था कि‍ यहॉं वि‍कलांग लि‍खा है, वृद्ध नहीं!
लोगों को इस बहस से मनोरंजन होने लगा था और वह उस बूढ़े की तरफ इस तरह देख रहे थे कि‍ देखें अब यह क्‍या कहता है!


पॉंच मि‍नट के बाद दूसरे स्‍टेशन पर वह बूढ़ा भी उतर गया। भीड़ छट गई थी और मेरे सामने वो सीट खाली थी, जि‍सके लि‍ए अभी दस मि‍नट पहले इतना तमाशा हुआ था......।

मैंने सीट के ऊपर लि‍खी ईबारत को गौर से पढा-
हिंदी में लि‍खा था- 'वृद्ध एंव वि‍कलांगों के लि‍ए'
जबकि‍ अ्ंग्रेजी में लि‍खा था- 'FOR OLD OR PHYSICALLY CHALLENGED'।
अंग्रेजी की माने तो उस सीट पर या तो वृद्ध बैठेगा या विकलांग जबकि‍ हिंदी के अनुसार वह सीट दोनों के लि‍ए है। 'एंव' तथा 'OR' के फर्क को मेट्रोवालों ने क्‍यों नहीं सोचा?

खैर, प्‍लेटफार्म की लि‍फ्ट से नीचे उतरते हुए एक बूढ़े व्‍यक्‍ति‍ ने मुझे ऐसे देखा, जैसे पूछना चाह रहा हो-
सीढि‍यॉ खराब हो गई हैं क्‍या.........‍???

Saturday, 1 May 2010

लैंसडाउन....... फि‍र कभी :(

'जि‍तेन, मेरी कार का शीशा फूट गया है, मैं नहीं जा सकूँगा!'
वि‍जय ने जैसे दो टूक फैसला सुना दि‍या।
मैंने कहा-
-जाना तो सरबजीत के कार से है, तब तक के लि‍ए तू अपने कार पर कवर चढाकर चल पड़!

-नहीं, मेरा मूड ऑफ हो गया है! कल कि‍सी बच्‍चे ने कुत्‍ता भगाने के चक्‍कर में एक पत्‍थर मेरी कार को दे मारा!
इंश्‍यारेंसवाले को दस दि‍न से कह रहा था, पेपर तैयार करा दे-करा दे, पर अब क्‍या होगा, बैठे-बि‍ठाये 6 हजार का चूना लग गया!

यह सुबह की बात थी, तब तो मैंने उसे मना लि‍या था कि‍ जो फूटना था, वो तो फूट चुका, अब सब लोग जब तैयार बैठे हैं, मना मत कर!
शाम होते-होते मैं अपना बैग लेकर तैयार हो गया। मेरा भाई मुझे वि‍जय के पास ड्रॉप करने के लि‍ए साथ चल पड़ा। अंधेरा होने लगा था और आसमान भी साफ था कि‍ तभी तेज हवाओं के साथ ऑंधी आ गई और कार के शीशे पर बूँदे पड़ने लगी। मौसम का ये बदला मि‍जाज कुछ अच्‍छा नहीं लगा! मेरी पत्‍नी बि‍ल्‍कुल ही नहीं चाह रही थी कि‍ इसबार मैं इस टूर पर जाऊॅ। और इस तूफान में मुझे नि‍कलते देखकर वह न जाने क्‍यों, चुप रह गई। वि‍जय ने जाने के लि‍ए हामी तो भर दी थी, लेकि‍न शायद अजमेर से भाभी के रि‍श्‍तेदार इस बीच दि‍ल्‍ली आने वाले थे,इसलि‍ए वह भी आरंभ में थोड़ा वि‍चलि‍त था।

मैंने वि‍जय को फोन लगाया-
मैं मार्केट में हूँ,सफर के लि‍ए कुछ खरीदना है तो बता!
उधर से सुस्‍त-सी आवाज आई-
दो मि‍नट के लि‍ए पहले घर आ जा!
यह कहकर उसने फोन काट दि‍या या शायद कट गया....

मैंने दुबारा फोन कि‍या-
मार्केट दुबारा आया नहीं जाएगा, सुबह चार बजे नि‍कलना है फि‍र जरूरी सामान कब खरीदोगे!
तू एकबार घर आ तो सही, सरबजीत के पापा के पेट में तेज दर्द उठा है!
- यह कहकर उसने फोन काट दि‍या।

बूँदें तेज हो गई। वाइपर चलने के साथ मेरे दि‍माग में सफर का ख्‍याल मि‍टने-सा लगा। मेरे हफ्ते-भर की तैयारी खटाई में पड़ने वाली थी। तैयारी भी क्‍या थी, बस मानसि‍क रूप से जाने के लि‍ए पूरी तरह बेचैन था।

वि‍जय का घर आ गया था, मैंने डोरबेल बजाने से पहले उसके कार के शीशे को चेक कि‍या। शीशा वाकई फूटा हुआ था लेकि‍न इतना नहीं कि‍ उसे बदलवाने की जरूरत पड़े! ये जरूर था कि‍ इंश्‍योरेंस कराने में अब दि‍क्‍कत आती। जब अंदर कमरे में आया तो वि‍जय कि‍चन में खाना बना रहा था। तैयारी के नाम पर कहीं कुछ भी बि‍खरा हुआ नहीं था। मैंने महसूस कि‍या कि‍ ऐसी हालत में अपने गुस्‍से को कैसे काबू करना चाहि‍ए!
मुझे कुछ-कुछ अंदेशा तो हो ही चुका था, इसलि‍ए मैंने अपने भाई को वापस भेजा नहीं कि‍ शायद घर लौटना पड़े। हम दोनों वि‍जय के कमरे में यूँ ही बैठे हुए थे।
थोड़ी देर में वि‍जय कि‍चन से आया और सरबजीत को फोन लगाकर पूछा-
चलना है या नहीं, जि‍तेन आकर बैठा हुआ है.........
यह कहता हुआ वि‍जय अपनी बाल्‍कनी की तरफ चला गया।

वि‍जय ने आकर बताया कि‍ सरबजीत के पापा को अभी दर्द का इंजेक्‍शन दि‍या गया है, अगर दस मि‍नट में हालत सुधरती है तो सरबजीत चल पड़ेगा अपनी गाड़ी लेकर!

पॉंच मि‍नट तब मैं सकते में बैठा रहा, फि‍र अपने भाई को बोला-
चलो घर चलते हैं। सरबजीत के पापा अगर दस मि‍नट में ठीक हो भी गए और जाने के बाद दुबारा दर्द उठा तो उसके जि‍म्‍मेदार हम सब होंगे। वैसे भी सरबजीत उनका इकलौता लड़का है, उन्‍हें पड़ोसी के सहारे छोड़कर घूमने जाने की बात शर्मनाक है!!
वि‍जय ने ये सब सुना, पर बोला कुछ नहीं।

मैं बारि‍श की बूँदो को देखता हुआ घर आ गया। सिरदर्द में अब तक आराम नहीं हुआ था हालॉकि‍ मौसम बहुत सुहाना हो चुका था। जि‍स चीज को पाने के लि‍ए मैं दि‍ल्‍ली से बाहर जाना चाहता था, अब वह यहीं नजर आ रहा था.......... अपने दि‍ल को और कैसे तसल्‍ली देता........ सोच रहा हूँ सरबजीत के पापा से मि‍लने कल जाऊँगा।

(शीशा हो या दि‍ल हो, आखि‍र.....)

अंतर सोहि‍ल,नीरज जाट,मुनीश जी,सुजाता जी और मुन्‍ना पांडेय ने मेरे सफर का जो खाका तैयार कर दि‍या था,
मुझे अफसोस है कि‍ मैं अमल नहीं कर पाया! मैं इन सबका आभार व्‍यक्‍त करता हूँ और महसूस करता हूँ कि‍ ऐसे इवेंट पर ब्‍लॉग कि‍तने काम की चीज होती है! बाकी सब लोगों ने जो शुभकामनाऍं दी हैं, उन्‍हें मैं वापस नहीं करूँगा और जल्‍दी ही दुबारा जाने का प्रोग्राम बनाऊँगा!

Tuesday, 27 April 2010

लैंसडाउन! मैं आ रहा हूँ...........

सफर के नाम पर ही मैं रोमांच से भर जाता हूँ! अभी-अभी नीरज जी मुंबई के पास का एक हि‍ल स्‍टेशन 'माथेरान' घूमकर आए हैं। पि‍छली बार मसूरी यात्रा वाली पोस्‍ट पर अनुराग जी ने लैंसडाउन का जि‍क्र कि‍या था। उसके बाद से मैं अपने एकमात्र यायावर दोस्‍त वि‍जय की हामी का इंतजार कर रहा था जि‍से साल में सि‍र्फ एक बार मई में ही फुर्सत मि‍लती है। फुर्सत इसलि‍ए कि‍ उसकी बीवी, यानी मेरी भाभी जी बच्‍चे को लेकर मायके (अजमेर) चली जाती है:)
डि‍जलवाली इंडि‍का का इंतजाम हो चुका है। उसकी लाइट, ब्रेक,टायर आदि‍ चेक करवाई जा रही है। वि‍जय ने साफ-साफ कह दि‍या है कि‍ खर्चा ज्‍यादा नहीं होना चाहि‍ए! और ये भी कि‍ पास के हि‍ल स्‍टेशन पर जाना है और दो दि‍न में लौट आना है। मैंने कहा दो दि‍न में कुछ भी देखा नहीं जाएगा और इस बार नई जगह जाना है तो रहने-खाने का कुछ सि‍स्‍टम पता भी नहीं है। इसलि‍ए न खर्चे की लि‍मि‍ट बता सकता हूँ और न ही दि‍न की!
मि‍ला-जुलाकर मैंने वि‍जय और बाकी तीन और सहयात्रि‍यों को सहमत करा लि‍या है कि‍ सफर में दो नहीं चार-पॉंच दि‍न लग सकते हैं। 1 मई की सुबह चलेंगे और 5 मई की शाम तक दि‍ल्‍ली वापस। वि‍जय ने तीन सहयात्री इसलि‍ए लि‍या है कि‍ सफर का मजा चार गुना कि‍या जा सके, साथ ही खर्चे पॉच हि‍स्‍से में बॉंटा जा सके। अब मैं ये नहीं बता सकता कि‍ वि‍जय के लि‍ए इसमें पहला कारण महत्‍वपूर्ण है या दूसरा:)

डलहौजी,खज्‍जि‍यार, धर्मशाला , मैक्‍लॉडगंज, मनाली की दूरी की वजह से और मसूरी शि‍मला, नैनीताल से बोर होने के बाद, और अनुराग जी के सुझाव पर इसबार लैंसडाउन जाने का रि‍स्‍क ले रहा हूँ:)
जब ऐसी जगह जाना होता है तो मैं सबसे पहले गूगल मैप (लिंक के लि‍ए क्‍लि‍क करें) से रास्‍ते और दूरि‍याँ पता करता हूँ।

सफर का रूट:
क) दि‍ल्‍ली-पानीपत-शामली-मुजफ्फरनगर- रूड़की- हरिद्वार
ऋषि‍केश- देवप्रयाग- श्रीनगर
ख) श्रीनगर- खि‍रसू-पौड़ी-लैंसडाउन
ग) लैंसडाउन- दुगादा- कोटद्वारा-नजीबाबाद -बि‍जनौर- मवाना- मेरठ- दि‍ल्‍ली

खाना खाते हुए मैं हमेशा ध्‍यान रखता हूँ कि‍ सबसे स्‍वादि‍ष्‍ट चीज अंत में खाउँ ताकि‍ उसका स्‍वाद खाने के बाद भी बना रहे। इसी आधार पर अब मेरे मन में उलझन ये है कि‍ मैं दि‍ल्‍ली की ओर लौटते हुए ऋषि‍केश-पानीपत की तरफ से आउँ या लैंसडाउन-मेरठ की तरफ से। मैंने अपने दोस्‍तों से पूछा कि‍ वे पहले नदी की घाटि‍यों से गुजरकर हि‍ल स्‍टेशन जाना चाहेंगे या इससे ठीक उलटा रास्‍ता तय करेंगे। उन्‍होंने मेरे ऊपर छोड़ दि‍या है और अब यह जि‍म्मेदारी ही मेरी समस्‍या है। यदि‍ सफर का रास्‍ता मजेदार नहीं रहा तो सब दि‍ल्‍ली लौटकर मुझे गालि‍यॉं देंगे:(

पौड़ी से एक रास्‍ता श्रीनगर की तरफ जाता है, पर मैंने एक और हॉल्‍ट तय कि‍या है- खि‍रसू। सुना है वह भी एक सुंदर हि‍ल स्‍टेशन है। अब वहॉं जाकर ही पता चलेगा कि‍ वह जगह कैसी है?
लैंसडाउन की तरफ से खि‍रसू आना हो तो-
क) लैंसडाउन- गुमखल- सतपुली-बानाघाट-मोहर-पौड़ी
ख) पौड़ी- बाबूखल-फरकल-चौबाटा- खि‍रसू

(मैप को बड़ा करने के लि‍ए कृप्‍या उसपर क्‍लि‍क करें)


गूगल अर्थ से मैंने पौड़ी- खि‍रसू-श्रीनगर का रूट-मैप तैयार करने और रास्‍ता तलाशने की कोशि‍श की, पता नहीं ये सही भी है या नहीं -
खि‍रसू-कोठसी-मारकोला-बुधानी
बुधानी से दो रूट नजर आया-
क) श्रीनगर हाइवे 58 पर
ख) सुमारी- खल्‍लू- चमरडा- खंडा- श्रीनगर


अभी ये सफर का ड्राफ्ट भर है। इसमें दर्शाए गए मार्ग की सत्‍यता मेरे द्वारा प्रमाणि‍त नहीं है क्‍योंकि‍ मैं एक तरफ ऋषि‍केश तक गया हूँ, दूसरी तरफ मेरठ तक। मेरठ से लैंसडाउन तक और ऋषि‍केश से श्रीनगर-पौड़ी-खि‍रसू तक के रास्‍ते के बारे में मुझे कुछ पता नहीं है। अगर इस रूट के बारे में आपको कुछ पता हो तो जरूर बताएँ- जैसे, सही रास्‍ता क्‍या है/ सड़कें कैसी हैं/ आसपास देखने की और कोई जगह/ रूकने और खाने की सही जगह। बाकी जब मैं उधर से लौटुँगा तब इस सफर के अनुभव और रास्‍ते की स्‍थि‍ति‍ का ब्‍योरा दूँगा।
तो बोलि‍ए हैप्‍पी जर्नी:)

Friday, 23 April 2010

टक-टक.............

मोबाइल पर मुझे होल्‍ड पर रखकर वो कि‍सी से कह रही थी-
'रख लो बाबा, कोई बात नहीं।'
पीछे सब्‍जी-मंडी का शोर मुझे सैलाब-सा लग रहा था-
टमाटर तीस-टमाटर तीस-टमाटर तीस
गोभी बीस-प्‍याज बीस
धड़ी सौ-धड़ी सौ..........
मैंने चि‍ल्‍लाकर कहा-
-मेरा बी.पी. लो हो गया है, वहॉं से जल्‍दी नि‍कलो!!
यह कहकर मैंने फोन काट दि‍या।

स्‍ट्रीट लाइट के नीचे मैंने कार के लि‍ए कि‍सी तरह जगह बनाई। बंद कार में मेरा दम घुट रहा था और बाहर शोर, प्‍याजनुमा बदबू के साथ मि‍लकर वातावरण में पूरी तरह फैला हुआ था। एकदम भड़भडाता-सा बाजार अपने लौ में बहा जा रहा था। वहॉं सभी लोग कि‍सी-न-कि‍सी काम में व्‍यस्‍त थे-कहीं लोग गोल-गप्‍पे खा रहे थे, कहीं लोग मोल-भाव में जुटे थे,कोई खाली नहीं था..... सि‍वाये मेरे।
' सब्‍जी अकेले जाकर लाया करो, न मुझे भीड़ अच्‍छी लगती है न इंतजार!'
'कॉफी पि‍ओगे'- उसने मुस्‍कुराकर पूछा।
-'इस मंडी में तुम मुझे कॉफी पि‍लाओगी'
सी.सी.डी.* भी चल सकते हैं।
-माफ करो, वहॉं की महंगी काफी से घर की दाल भली। तुम फि‍जूलखर्ची बंद करो, अब मैं पैसे का हि‍साब लेना शुरू करूँगा।
मेरे पति‍देव,कॉफी 'लो बी.पी.' को कंट्रोल करती है, इसलि‍ए कह रही हूँ'
-उसने अपने रूमाल से मेरे सर का पसीना पोंछ दि‍या।

मैंने ड्राइव करते हुए पूछा-
फोन पर कि‍सी बाबा से बात करते सुना, कोई भीखारी था क्‍या?


-नहीं, एक बूढ़ा बाबा था। मैं आम खरीद रही थी तो देखा कि‍ वह बूढ़ा बाबा एक आम हाथ में लि‍ए दुकानदार से पूछ रहा है ये एक आम कि‍तने का है?
दस रूपये!
यह कहकर दुकानदार दूसरी तरफ व्‍यस्‍त हो गया।
उसने दबी हुई आवाज से कहा-
पॉंच रूपये में दोगे?
दुकानदार ने सुना नहीं तब उसने दुबारा कहा, तब भी दुकानदार तक उसकी आवाज पहुँची नहीं या उसने जानबूझकर अनसुना कर दि‍या। वह थोड़ी देर तक हाथ में आम को देखता रहा और वापस आम के ढेर पर रखकर आगे चल पड़ा।
गाड़ी रेडलाइट पर आकर खड़ी हो गई। कार के शीशे पर सि‍क्‍के से कि‍सी ने जोर से टक-टक की आवाज की। मैंने घूरकर उस लड़की की तरफ देखा जि‍सकी गोद में एक मरि‍यल-सा बच्‍चा टंगा पड़ा था। मेरी बेरूखी देखकर वह दूसरी कार की तरफ बढ़ गई।
कार चलते ही मैंने पूछा-
बूढ़े बाबा की बात पूरी हो गई?
नहीं, जब मैंने देखा कि‍ वह बाबा बड़ा मायूस होकर आगे चला गया तो मुझे बहुत तकलीफ हुई।
मैंने दुकानदार से कहा कि‍ उस बाबा को बुलाओ और दो कि‍लो आम तौलकर दे दो। पैसे मुझसे ले लेना।
दुकानदार तपाक से उसे बुला लाया। बाबा ने मुझसे कहा कि‍ मुझे इनमें से सि‍र्फ दो ही आम चाहि‍ए, मेरे पोते को आम बहुत पसंद है पर मेरे पास सि‍र्फ पॉंच रूपये ही थे।
मैंने कहा- बाबा आप सारे आम ले जाओ। बाबा ने जैसे अहसान से दबकर आभार जताया। तभी तुम्‍हारा फोन आया और तुम बड़बड़ कर रहे थे।
मुझे क्‍या पता था कि‍ तुम आम बॉट रही हो!
मैंने उसके चेहरे की तरफ देखा, उसके चेहरे पर सकून की एक आभा चमक रही थी।

अगली रेडलाइट पर कार की खि‍ड़की पर फि‍र टक-टक की आवाज हुई........
लेकि‍न तबतक ग्रीन लाइट हो चुकी थी।

* सी.सी.डी.= cafe coffee day
(चि‍त्र गूगल से साभार)

Saturday, 3 April 2010

शहर के चौक पर टखना सिंह

टखना सिंह ने अपने दोस्‍त करेजा से पूछा-
मुझे शहर जाना है हर संडे!
करेजा सिंह लगभग हर संडे हास्‍टल से भागकर फि‍ल्‍म देखने शहर जाता था और कभी पकड़ा भी नहीं गया।
क्‍या फि‍ल्‍म देखनी है?
नहीं!
किसी रि‍श्‍तेदार के घर जाना है?
नहीं!
कि‍सी लड़की से मि‍लना है क्‍या?
अरे नहीं भाई!!
उसे कोई बहाना भी नहीं सूझ रहा था कि‍ क्‍या कहे! उसने ये कहकर टाल दि‍या कि‍ बाद में बताऊँगा।
उस हॉस्‍टल का कानून हॉस्‍टल-परि‍सर से बाहर जाने की इजाजत नहीं देता था। टखना सिंह तब दसवीं क्‍लास का छात्र था और उसके उपर इसका भी काफी दबाव था।

शहर के चौक पर टखना का यह पहला संडे था। वह एक लाचार बुढि‍या को तलाश रहा था जि‍से वह रास्‍ता पार करा सके। वह एक ऐसे भूखे-गरीब को तलाश रहा था जि‍सने दस दि‍न से कुछ न खाया हो। दो-चार भीखारी उसे मि‍ले पर टखना को उनपर वि‍श्‍वास नहीं हुआ।
सुबह का एक घंटा इसी तलाश में नि‍कल गया। फि‍र उसने सोचा कि‍ कि‍सी रि‍क्‍शेवाले की मदद कर दे। दो चार रि‍क्‍शेवाले गुजरे भी लेकि‍न उनके रि‍क्‍शे पर कोई वजनदार सामान भी नहीं रखा था। दोपहर होते-होते वह नि‍राश हो चला था कि‍ तभी एक रि‍क्‍शे पर उसे भारी-भरकम सामान नजर आया। वह भागकर उसके पीछे पहुँचा और धक्‍का लगाने लगा। रि‍क्‍शेवाले ने रि‍क्‍शे का ब्रेक लगा दि‍या और पीछे मुड़कर चि‍ल्‍लाया-
अबे कौन है बे, क्‍या नि‍काल रहा है कट्टे से??
टखना ने सकपकाकर कहा
- कुछ नि‍काल.. नहीं रहा.., मैं तो वजन देखकर.. आपकी मदद के लि‍ए... आया था।
-भाग जा यहॉं से, मदद के नाम पे चले हैं चोरी करने!

चौक पर आते-जाते दो-चार लोगों ने चोरी की बात सुनी। आज संडे था और सब लोग कि‍सी शगूफे की तलाश में थे।
तभी उस चौक का एक दुकानदार आकर बोला-
-यह लड़का सुबह से मेरी दुकान के आगे न जाने कि‍स मतलब से खड़ा था। मुझे भी शक है इस पर।

बात हो ही रही थी कि‍ कि‍सी ने उसे एक थप्‍पड़ जड़ दि‍या। कि‍सी ने बढकर कॉलर पकड़ लि‍या।
तभी एक आदमी भीड़ चीरकर उस तक पहुँचा और बोला-
-अरे टखना, तू यहॉं क्‍या कर रहा है?
-मास्‍टर जी मुझे बचाइए!!
मास्‍टर जी ने सबको समझा-बुझाकर वहॉं से भेजा और टखना का कान पकड़कर स्‍कूल ले आए।
उसके बाद टखना ने उस कि‍ताब को जला दि‍या जि‍समें लि‍खा था-
कि‍सी की नि‍:स्‍वार्थ भाव से मदद करो तो जो आत्‍मि‍क खुशी मि‍लती है- उसे बयॉं करना आसान नहीं!!
टखना को लगा कि‍ इस अनुभूति‍ को भी बयॉं करना आसान नहीं है। उसने समझ लि‍या कि‍ हर दि‍न या कम से कम हर संडे कि‍सी लाचार की मदद करने का ख्‍याल दि‍मागी दि‍वालि‍येपन की नि‍शानी है।
करेजा सिंह शाम को सि‍नेमा देखकर लौटा और पूछा-
कैसा रहा संडे?

Saturday, 27 March 2010

कलर्ड बनाम ब्‍लैक एण्‍ड वाइट

'थोड़ा और सटकर खड़े हो जाइए!'
'थोड़ा और.......'
कैमरे का फ्लैश अब तक शांत था।
'भाई साब् बस थोड़ा-सा और। अपना सि‍र भाभी जी की तरफ झुकाइए, भाभी जी आप भी।'
अब भी फ्लैश नहीं चमका।
'अब मुस्‍कुराइए, एक इंच और, हॉ.......'
पर अब भी फ्लैश नहीं चमका।
मैं खीज गया, कहा-
'ये फोटो कि‍सी ऑफि‍स में देना है भाई, तुम तो फोटो इतना रोमांटि‍क बना रहे हो जैसे बेडरूम में लगाना हो!'

कैमरामैन के दॉंत चमके , पर फ्लैश अब भी नहीं चमका। मेरे सामने स्‍टैंड पर दो-तीन लैंप जगमगा रहे थे, वह उसका फोकस ठीक करने लगा। श्रीमती ने छेड़ा- कमर पर हाथ रखा हुआ है, फोटो में ये भी आएगा क्‍या?
मैंने बनावटी गुस्‍से में कहा-

-'कैमरा आगे है, पीछे नहीं!!'

क्‍या होता है न कि‍ शादी के कुछ सालों या कुछ महि‍नों तक ऐसा खुमार छाया रहता है जैसे सारे फोटो इस पोजीशन में लि‍ए जाएँ जि‍ससे लगे कि‍ हम एक-दूसरे के लि‍ए ही बने हैं और हमारी हर अदा और हर पोज में जबरदस्‍त प्‍यार छलक रहा हो! पर अब, जब हमारा तीन साल का बेटा अपनी नानी के साथ घर में हम दोनों के आने का इंतजार कर रहा हो, तो ऐसा लगता है कि‍ चि‍पककर खड़े रहने की अच्‍छी जबरदस्‍ती है यार!
अचानक फ्लैश चमका। फोटो खिंच चुकी थी। आज श्रीमती को गर्लफ्रेंड होने का सा आभास हो रहा था पर मैं अपने ब्‍यॉय-फ्रेंडीय छवि‍ को जाहि‍र नहीं करना चाहता था। मैं चाहता था कि‍ लोग मुझे इसका पति‍ ही समझे, कुछ और नहीं।
समाज भी कि‍तने ड्रामे करवाता है पता नहीं!!

कैमरामैन ने मायूसी से मुझे टोका-
'जी आपकी ऑंखे बंद हो गई है, फोटो दुबारा लेना पड़ेगा।'

लो, फि‍र से वही घटनाक्रम दुहराया जाएगा- चि‍पको जी, फि‍र झुको जी, फि‍र मुस्‍कुराओ जी!

अंदर से तो मैं भी इसका आनंद ले रहा था मगर पत्‍नी को खुशी दि‍खा दी तो समझो मार्केट में दो-तीन घंटे और घूमना पड़ सकता है!
शादी के बाद ये पहला मौका था तब हम इस तरह फोटो खिंचवाने आए थे। फोटो तैयार होकर 15 मि‍नट में मि‍ल गई। मेरे हाथ में जब ये कलर्ड फोटो आया तो अचानक ही मेरे जेहन में एक ब्‍लैक एण्‍ड वाइट तस्‍वीर कौंध गई! उस तस्‍वीर में मेरे मम्‍मी-पापा यूँ ही सटकर खड़े हैं और यूँ ही वे (एक-दूसरे की तरफ? ) झुके हैं और हॉं.. मंद-मंद मुस्‍कुरा भी रहें है!



1975-80 के आसपास ली गई ये तस्‍वीर न जाने कि‍स स्‍टूडि‍यो से ली गई होगी, कभी पूछूँगा। ये भी पूछूँगा कि‍ वे कि‍स तरह तैयार होकर स्‍टूडि‍यो तक गए होंगे। इति‍हास इस तरह सजीव हो जाता है मानो कल-परसो की ही बात हो! सभी लोगों के पास यादों की ऐसी सौगाद तस्‍वीरों में जरूर मौजूद होती है। आप लोगों के पास भी ऐसी कोई तस्‍वीर जरूर मि‍ल जाएगी। अगर आपको अपना एलबम नि‍काले करीब साल भर हो गया है तो छुट्टी के दि‍न सब मि‍लकर एलबम नि‍कालकर जरूर देखें।
ब्‍लैक एण्‍ड वाइट फोटो में इस तरह कलर भरकर आप भी खुश हो जाऍगें, मेरा वादा है ये!



(ये तस्‍वीर मेरे छोटे भाई वि‍जय के पास एलबम में थी, जो दूसरे शहर में रहता है। मैंने उससे कहा कि‍ ये तस्‍वीर स्‍कैन करवा के भि‍जवा दो। वैसे तो वह मेरा कोई काम दो-चार दि‍न लेकर आराम से करता है मगर इस काम के लि‍ए वह उसी शाम बाजार गया। उसे अमि‍ताभ की 'बागवॉं' फि‍ल्‍म बहुत पसंद जो है !!)

Sunday, 31 January 2010

‘बीप-बीप’ के बीच इमोशनल अत्याचार !!

साल में ऐसे मौके कम ही होते हैं जब आपको टीवी देखने का अवसर कुछ ज्यादा ही प्राप्त होता है। अभी मेरा दौर ऐसा ही चल रहा है। कुछ-कुछ खाली भी हू या यूँ कहि‍ए कुछ खाली महसूस करने के लि‍ए टीवी देखने लगा हूँ। लंबे सफर की थकान तब थोड़ी-बहुत उतर ही जाती है जब आधी रात को, आधे रास्ते के बाद, भोजन पानी के लि‍ए बस कि‍सी ढाबे पर रूकती है। व्यस्तता की इस लंबी सडक पर मुझे ये तो नहीं पता कि‍ रास्ता आधा तय हो गया है या रात आधी हो गई है, पर कहीं ठहरकर इस बारे में सोचना अच्छा लगता है।
‘यू टीवी बिं‍दास’ पर ‘इमोशनल अत्याचार’ के दो एपि‍सोड को देखकर सोच में पड़ गया कि‍ पुरूष प्रेमि‍यों का इम्ति‍हान जि‍स तरह लि‍या जा रहा है, उससे कि‍तने मर्द बच सकते हैं? इस सीरि‍यल में पूर्वनि‍योजि‍त योजना के तहत एक सुंदर-सी लड़की को कि‍सी के प्रेमी के पास भेजकर ऐसा माहौल तैयार कि‍या जाता है कि‍ उसकी आपत्ति‍जनक वि‍डि‍यो तैयार की जा सके। साथ ही ऐसे संवाद उगलवाये जाते हैं जो उस पुरूष के व्यभि‍चार को उभारता है। पुरूषों की मूलभूत कमजोरि‍यों को इस सीरि‍यल का आधार बनाकर उसकी प्रेमि‍का या पत्नी के सामने उसके आपति‍जनक दृश्यों को दि‍खाकर पूछा जाता है कि‍ देखो, आपके प्रेमी ने आपके साथ कि‍तना बड़ा वि‍श्वासघात कि‍या है! फि‍र उसे रंगे हाथों पकड़वाकर नाटकीय दृश्य पैदा कि‍या जाता है। गालि‍यों की बौछार को बीप-बीप में छि‍पाया जाता है। झगड़े की इन्टेनसि‍टी (तीव्रता) को नापना हो तो कि‍तनी बार बीप-बीप बजा, उसे नोट करते जाओ।
दूसरे एंगि‍ल से सोचूँ तो ये मसाला सीरि‍यल तैयार करने के लि‍ए प्रेमी-युगल को सहमति‍ में लेकर भी तैयार कि‍या जा सकता है। अगर ऐसा है फि‍र भी यह एक प्रश्न मन में तो छोड़ ही जाता है कि‍ आप अपनी पत्नी या प्रेमि‍का के साथ कि‍तने वफादार हैं। क्या् आपका वि‍श्वामि‍त्रीय मन मेनका टाइप लड़की को आपकी तरफ आकर्षि‍त होते देख अपनी वफादारी कायम रख सकते हैं? इस आपातकाल में इन चार-पॉंच वि‍कल्पों में से आपका नि‍र्णय क्या होता-
1 आप घरवाली-बाहरवाली की जि‍म्मेदारी एक साथ उठाते।
2 आप अपनी प्रेमि‍का या पत्नी‍ को इस घटना/दुर्घटना से अवगत कराते।
3 आप उस स्त्री को धि‍क्कारते जो जबरदस्ती आपके जीवन में प्रवेश करना चाहती है।
4 आप ‘क्या करूँ या ना करूँ’ की स्थित‍ि‍ ‍से पगलाए रहते।
5 आप कुछ और ही रास्ता अपनाते तो क्या अपनाते।

दि‍माग तो ये कहता है कि‍ मैं नम्बर टू वि‍कल्प अपनाता, मगर दि‍ल का भरोसा कैसे करूँ :)


‍