Related Posts with Thumbnails
Showing posts with label सैलानी : एक सफर की कहानी. Show all posts
Showing posts with label सैलानी : एक सफर की कहानी. Show all posts

Friday, 10 February 2012

गुलमर्ग : बर्फ का कालीन और सफेद सर्द रातें

गुलमर्ग की एक शाम, समय 6 बजे।
न अंधेरा ना उजाला।
टहलने के लि‍ए नि‍कला हूँ।
बर्फ के फोहे अचानक हवा में लहराते नजर आने लगे हैं।
जैसे शाम की धुन पर पेड़ों के बीच थि‍रक रहे हों!
कुछ मेरे जैकेट पर सज रहे हैं कुछ पेड़ों पर और कुछ तो कहीं थमने का नाम ही नहीं ले रहे।
न ये हि‍मपात है न बारि‍श, न धूल!
ये इनकी मौज है जो बस थोड़ी देर के लि‍ए झलक दि‍खाते हैं और हवा के साथ ही गुम हो जाते हैं।

शि‍वालय तक जाने का इरादा है। पॉंव जमीन पर टि‍क नहीं रहे, वजह है बर्फ, जि‍सपर चलने का अनुभव ना के बराबर!एकाध बार फि‍सला भी, पर क्‍या फर्क पड़ता है! कौन यहॉं रोज फि‍सलने आता है!





सुबह की ही तो बात है- दि‍ल्‍ली से श्रीनगर के लि‍ए सुबह 7:40 की गो एयर की फ्लाइट। सौभाग्‍य से कोहरा दो दि‍न से कम था। टी-1डी से उड़ान लेने के ठीक डेढ़ घंटे बाद मैं श्रीनगर एयरपोर्ट के टैक्‍सी स्‍टैंण्‍ड पर बट्टमाल जाने के लि‍ए टैक्‍सी ले रहा था।

आम तौर पर हर हि‍ल स्‍टेशन के पहले एक हाल्‍ट/स्‍टैण्‍ड होता है। मसूरी से पहले जैसे देहरादून, मैक्‍लॉडगंज से पहले धर्मशाला, शिमला से पहले कालका, डलहौजी से पहले पठानकोट। ठीक उसी तरह गुलमर्ग से 15 कि‍मी पहले है तनमर्ग, जहॉं उतरने के बाद चोगा (फेरन)पहने हुए काश्‍मि‍री गाइड मीठी बोली में आपको ठगने की कोशि‍श करेंगे।




करीब 10 बजे तक मैं तनमर्ग पहुँच गया था। वहॉं से आगे तक की सड़कें बर्फ से ढँकी हुई थी। सूमो के ति‍रछे (diagonally) दो टायरों में चेन (जंजीर) बंधी हुई थी ताकि‍ गाड़ी बर्फ से फि‍सले नहीं। ऊपर से आने वाली सेना की गाडि‍यॉं में भी ऐसे ही चेन बंधे होते हैं।
वहाँ के सभी पेड़ क्रि‍समस ट्री की तरह लुभावने लग रहे थे। मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों को यहॉं का दृश्‍य ऐसा लगेगा जैसे कि‍सी कैलेण्‍डर में वे स्‍वंय घुस आए हों। ये उपमान मेरे मन में तब तक बसा रहा जब तक मैं गुलमर्ग में रहा।

गुलमर्ग में यदि‍ कम से कम दो रात बि‍ताने का इरादा है तो आप स्‍टैण्‍ड से लेफ्ट की तरफ जाऍं और होटल की तलाश करें।
इस तरफ होटल लेने के दो-तीन फायदे हैं
- इसी तरफ गंडोला है जो आपको अफरावत पर्वत तक ले जाता है।
- इसी तरफ स्‍कींग की शॉप और ढलान है
- इस तरफ चीड़ के पेड़ ज्‍यादा हैं जो पहाड़ की खूबसूरती को सौ गुना कर देते हैं।
(संभव है कि‍ इधर कमरे न मि‍ले या फि‍र महँगे मि‍ले)
स्‍टैंड से राइट साइड जाने पर हॉटल,ढाबा और दुकाने ज्‍यादा हैं मगर ये गंडोला से दूर हैं।
आखि‍र मैंने 1200/- में फ्लोरेंस होटल का रूम नं 210 बुक करा लि‍या जि‍सकी खासि‍यत यह थी कि‍ यह कॉर्नर का कमरा था और दोनो तरफ बर्फै से ढँके पेड़, होटल और पहाड़ साफ नजर आ रहे थे।

मैं यह सोचकर हैरान होता हूँ कि‍ जि‍स खि‍ड़की के बाहर इतना खूबसूरत नजारा हो, वहॉं कमरे में कि‍सी एबसर्ड फोटो को लगाने का चलन कि‍तना अजीब है।
हम जि‍स जगह की इतनी तारीफ करते हैं, वहॉं रहने वाले लोग वहॉं से काफी परेशान भी हो जाते हैं, खास तौर पर जब बर्फीली आँधी आती है, हि‍मपात होता है या बारि‍श होती है तो बि‍जली, पानी और खाने-पीने के सामान के आवाजाही की काफी तकलीफ हो जाती है। पीने का पानी पाइप में ही बर्फ बनकर जम जाता है। उसे गैस से ठंडाकर बाथरूम तक पहुँचाया जाता है।


मैं अक्‍सर अकेला ही नि‍कल आता हूँ घूमने। इसका एक फायदा ये है कि‍ प्रकृति‍ और उसके भव्‍य सौंदर्य को महसूस कर पाता हूँ। पर परि‍वार के बि‍ना दो दि‍न से ज्‍यादा यहॉं रहना पड़ जाए तो अकेलापन सालने लगता है।






शि‍वालय तक जाने की सीढि‍यॉं नजर नहीं आ रही है, उनपर बर्फ जो जमी है। दोनों तरफ लोहे के पतले रेलिंग के सहारे ही ऊपर तक जाता हूँ। याद आता है राजेश खन्‍ना और मुमताज का गाना- जय जय शि‍वशंकर- कॉंटा लगे ना कँकड़.....
पर वह शायद जून-जुलाई के महि‍ने में फि‍ल्‍माया गया था। अभी का तो नजारा कुछ और है। शि‍वालय में ताला लटका है। कोई भक्‍त इस सर्द शाम में आकर शि‍व को जगाना नहीं चाहता। मैं एक धागे की तलाश कर रहा हूँ। सीमेंट का एक कट्टा एक कोने में नजर आता है। कट्टे से एक सूतली तोड़कर मैं मंदि‍र के एक एकांत खंभे में उसे बांध देता हूँ...
 कुफ्री (शि‍मला)में नाग देवता का मंदि‍र है, वही चलन मैंने यहॉं दोहराया है, इसबार अकेले......

अंधेरा छाने लगा है। आधा-अधूरा चॉंद बर्फ की चादर से लि‍पटने को बेताब है मगर चीड़ के पेड़ बीच में अड़ कर खड़े हैं ......... चॉंदनी बेवजह बीच में ही उलझकर रह जाती है।

शि‍वालय से गंडोला तक स्‍ट्रीट लाइट की पीली रोशनी बर्फ पर जहॉं-जहॉं पड़ती है, वह सोने-सा दमकता नजर आता है। बर्फ जूते से चटककर इस तरह आवाज करते हैं जैसे खेतो में धान कटने के बाद उसपर चलते हुए आवाज आती है। गंडोला से ठीक पहले हि‍लटॉप हॉटल नजर आता है जो यहॉं का सबसे महँगा होटल है।
थोड़ा आगे चलने के बाद स्‍ट्रीट लाइट के खंभे खत्‍म हो जाते हैं। अंधेरे और सुनसान सड़क पर चलते हुए थोड़ी घबराहट होती है। हॉलीवुड की कुछ हॉरर फि‍ल्‍में और बर्फीले भूत याद आ जाते हैं। आज सुबह यहीं पर गदराए कौओ की झुँड कुछ झबरीले कुत्‍तो की भीड़ को कूडें की ट्राली को टटोलते-बि‍खेरते देखा था। झुँड में वे काफी खतरनाक लग रहे थे। अधखि‍ले चॉंद की रोशनी चीड़ों से छि‍टककर सड़क पर कहीं-कहीं बि‍खरी पड़ी है, उसी के सहारे मैं हॉटल तक पहुँच जाता हूँ।

आज रात मैं अपने हॉटल (फ्लोरेंस) में ही डीनर कर रहा हूँ। डीनर करते हुए मैंने मैनेजर को कमरे का सेन्‍ट्रलाइज्‍ड हीटर ऑन करने के लि‍ए कह दि‍या है। मेरी खुशनसीबी कि‍ मैनेजर ने कमरे में एक ब्‍लोअर भी रखवा दि‍या है।

क्रमश:

Saturday, 9 April 2011

शि‍मला के बहाने ट्रेन का सफर (भाग-3)

माल रोड से हमें गाड़ी समय पर मि‍ल गई और हम शि‍मला स्‍टेशन करीब 15:40 तक पहुँच गए। इशान इस खाली-से स्‍टेशन पर बेखौफ इधर-उधर भाग रहा था। अब हमारे सफर में एक नई कड़ी जुड़ने वाली थी- रेल मोटर।


इशान की खुशी का ठि‍काना नहीं था, उसके लि‍ए यह ट्रेन के इंजन में बैठने जैसा अनुभव था, वह भाग कर उसमें जा बैठा।






आप इसे पटरी पर दौड़नेवाली बस या मोटर-कार मान सकते हैं, जि‍समें मात्र 16 सीटें ही होती हैं। आगे-पीछे, अगल-बगल और ऊपर की तरफ रेल-मोटर की खि‍ड़कि‍यॉं पारदर्शी होती हैं जि‍ससे आसमान के अलावा आप पटरी के दोनों तरफ पेड़-पौधे, पहाड़ और सुरंगों को आसानी से देख सकते हैं।



रेल-मोटर के आगे-पीछे पटरि‍यों का नजर आना एक अच्‍छा अनुभव था। इस अनुभव में खटकनेवाली अगर कोई बात थी तो यही कि‍ यह डी.टी.सी. बस की तरह शोर मचाती हुई और हि‍लती हुई भाग रही थी।




इसके बावजूद इशान और सोनि‍या अपनी सीट पर कुछ देर बाद सोते हुए पाए गए। एक बात तो बताना भूल ही गया कि‍ इस रेल मोटर के ड्राइवर एक सरदार जी थे।





रेल-मोटर में नि‍क और हाइडी श्रीम्‍प्‍टन तथा उनके दोनो बच्‍चे एमीजन और और एलि‍यट से मि‍लना भी एक अच्‍छा इत्‍तफाक रहा। इस तरह करीब दो-ढाई घंटे बाद हम बड़ोग पहुँच गए, जो 33 नंबर टनल के ठीक साथ बना हुआ है।



33 नंबर टनल इस पूरे सफर का सबसे खास पड़ाव है, और सही मायने में मेरी मंजि‍ल तो यही थी। शि‍मला जाते हुए मैंने कई बार यहॉं रूकने का मन बनाया था, लेकि‍न मौका आज मि‍ला, और वह भी सपरि‍वार।
जब मैंने बड़ोग रूकने का कार्यक्रम बनाया तब मुझे पक्‍का नहीं था कि‍ एक छोटे बच्‍चे के साथ वहॉं रूकने और खाने-पीने की क्‍या व्‍यवस्‍था होगी। ट्रेन के ऑन-लाइन रि‍जर्वेशन कराने के दौरान ये पता करने के लि‍ए मैंने बड़ोग स्‍टेशन का फोन नंबर( 01792238814) इंटरनेट से बहुत मुश्‍ि‍कल से ढूँढ नि‍काला। स्‍टेशन मास्‍टर अपेक्षाकृत सभ्‍य भाषा में बोला, जि‍सके हम आदी नहीं हैं। तब उसने बताया था कि‍ यहॉं कि‍सी तरह की कोई दि‍क्‍कत नहीं आएगी।
रेल-मोटर से उतरने के बाद ऐसा लगा जैसे अचानक ही अंधेरा घि‍र आया हो क्‍योंकि‍ यह घने वृक्षों और पहाड़ के ठीक साथ ही था।अब मुझे इस स्‍टेशन पर रहने-खाने की चिंता सता रही थी।

क्रमश:

अन्‍ना हजारे की बात सरकार ने मान ली है और भ्रष्‍टाचार के खि‍लाफ जन लोकपाल का ड़ाफ्ट 30 जून तक तैयार हो जाएगा, और उसके बाद मानसून सत्र में इस बील को पेश कि‍या जाएगा। इस आंदोलन ने गॉंधी के प्रति‍ आस्था और आम जनता के आत्‍मवि‍श्‍वास को पुनर्जीवि‍त कर दि‍या है।
लेकि‍न.......क्‍या यह कह देने मात्र से हमारा कर्तव्‍य पूरा हो जाता है कि‍ हम इस आंदोलन के साथ है- इस सवाल का संबंध सि‍र्फ इस आंदोलन से नहीं है, बल्‍कि‍ यहॉं खुद के भीतर झॉंकने की जरूरत है कि‍ हम कहॉं-कहॉं दूसरों का काम करने के लि‍ए रि‍श्‍वत लेते हैं और अपना काम कराने के लि‍ए रि‍श्‍वत देते हैं।
सतत क्रमश:

Thursday, 7 April 2011

शि‍मला के बहाने ट्रेन का सफर भाग-2

शि‍मला स्‍टेशन बहुत खूबसूरत स्‍टेशन है, जहॉं बैठकर आप बोर नहीं हो सकते। वैसे भी मेरी यही इच्‍छा रहती थी कि‍ मैं शि‍मला आऊँ तो स्‍टेशन से ही वापस लौट जाऊँ।

इसके पीछे कारण है- शि‍मला की बढ़ती आबादी,घटते पेड़ और बढ़ते मकान,व्‍यवसायीकरण, ट्रैफि‍क और अत्‍यधि‍क शोर।




हम यहॉं 12 बजे तक पहुँच गए थे, और शाम को वापस 4 बजे यहीं आकर हमें बड़ोग के लि‍ए रेल मोटर पकड़ना था। सबसे पहले हमने स्‍टेशन पर ही रेस्‍टॉरेंट में खाना खाया। अब 4 घंटे में हमें माल रोड से घुमकर वापस आना था, इसलि‍ए हमने लि‍फ्ट तक जाने के लि‍ए टैक्‍सी ली।



15-20 मि‍नट में हम माल रोड पर आ चुके थे। ऊपर जाने तक के रास्‍ते में कपड़ों की मार्केट लगी हुई थी। मुझे वहॉं कुछ जैकेट काफी पसंद आए, पर समय की कमी की वजह से मैंने सोचा कि‍ दि‍ल्‍ली से खरीद लूँगा।(वापस लौटने पर दि‍ल्‍ली में मैंने वैसे जैकेट ढ़ँढने की कोशि‍श की पर वे पसंद नहीं आई )।
उसी मार्केट में चलते हुए इशान खि‍लौने की जि‍द करने लगा। मैंने उसे 50 रूपये का एक छोटा-सा टेलि‍स्‍कोप दि‍लवाकर पीछा छुटवाया। हमें यहॉं पर दो घंटे बि‍ताने थे, पर ये समय जाते देर न लगी।



लाल रंग के उस टेलि‍स्‍कोप को इशान कैमरा ही समझ रहा था। जैसे मैं उसका फोटो ले रहा था, वह भी मुँह से 'खि‍च-खि‍च' की आवाज नि‍काल लेकर मेरा फोटो ले रहा था।



उसके बाद मैंने आसपास के मनोरम दृश्‍यों का फोटो लि‍या-



और अपने हमसफर का भी-



फि‍र इशान को आइसक्रीम दि‍लाया और स्‍टेशन के लि‍ए चल पड़े।



नीचे की तस्‍वीर में ऊपर की तरफ जाखू पर्वत पर हनुमान जी की सबसे ऊँची मूर्ति‍ नजर आ रही है, जि‍सका अनावरण इसी साल हुआ था और उस अवसर पर अभि‍षेक बच्‍चन भी मौजूद थे।


माल रोड से पश्‍चि‍म की तरफ,जि‍धर बी.एस.एन.एल का ऑफि‍स और वि‍धानसभा है, उधर हर एकाध-घंटे पर टवेरा टाइप की सरकारी गाड़ी चलती है। हम उसका इंतजार करने लगे।






3 बज गए पर तबतक कोई गाड़ी नहीं आई। वहॉं खड़े ट्रैफि‍क पुलि‍स से हम 3-4 बार गाड़ी का समय पूछ चुके थे, पर उसने इंतजार करने को कहा। हमें लगा यदि‍ समय पर हम स्‍टेशन न पहुँचे तो रात हमें शि‍मला में बि‍तानी पड़ेगी और रेल मोटर के मजेदार सफर से भी हम वंचि‍त रह सकते थे।

क्रमश:

शि‍मला के बहाने ट्रेन का सफर भाग-1

6 दि‍सम्‍बर 2010 की रात हमदोनों अपने बेटे इशान के साथ पुरानी दि‍ल्‍ली रेलवे स्‍टेशन पहुँचे। वैसे टि‍कट सब्‍जी मंडी से थी, लेकि‍न ट्रेन लेट थी और सब्‍जी मंडी का रेलवे स्‍टेशन काफी सुनसान रहता है, इसलि‍ए वहॉं इंतजार करना हमें उचि‍त नहीं लगा।
इस सफर का पूरा सि‍ड्यूल इस प्रकार था-
6 दि‍संबर - दि‍ल्‍ली से कालका - 20:45 से 4:40 हावड़ा दि‍ल्‍ली कालका मेल(2311)फर्स्‍ट एसी 900/-प्रति‍ व्‍यक्‍ति‍
7 दि‍संबर - कालका से शि‍मला - 5:30 से 10-15 शि‍वालि‍क डि‍लक्‍स एक्‍सप्रेस(241) 280/- प्रति‍ व्‍यक्‍ति‍
7 दि‍संबर - शि‍मला से बड़ोग - 16:40 से 17:15 रेल मोटर प्रति‍ व्‍यक्‍ति‍
8 दि‍संबर - बड़ोग से कालका - 13:30 से 16:40 हि‍मालयन क्‍वीन(256) 167/- प्रति‍ व्‍यक्‍ति‍
8 दि‍संबर - कालका से दि‍ल्‍ली - 17:45 से 21:50 कालका शताब्‍दी(2012) फर्स्‍ट सीसी 990/- प्रति‍ व्‍यक्‍ति‍

रात का सफर आरामदायक रहा,फर्स्‍ट एसी होने के बावजूद और लेट नाइट ट्रेन होने की वजह से चाय-पानी की सुवि‍धा यहॉं नहीं मि‍ली। खैर, सुबह 6 बजे के करीब हम कालका जी पहुँच गए, सही समय से करीब 2 घंटे लेट। इशान की नींद अभी पूरी नहीं हुई थी।


वास्‍तव में इशान ट्रेन को लेकर काफी क्रेजी रहता है, इसलि‍ए यह पूरा सफर मैंने मुख्‍यत: ट्रेन पर फोकस कि‍या था, कि‍सी टूरि‍स्‍ट आकर्षक के लि‍ए नहीं। इसलि‍ए टॉय ट्रेन, रेल कार, चेयर कार आदि‍ को ध्‍यान में रखकर मैंने टि‍कट कटाया था।
दूसरी बात ये थी कि‍ सोनि‍या को कार से उलटी की शि‍कायत रहती है, इसलि‍ए उसके साथ सफर करने के लि‍ए मेरे पास ट्रेन एक आसान वि‍कल्‍प था।
ट्रेन कोहरे की वजह से हावड़ा से दि‍ल्‍ली लेट पहुँची थी, इसलि‍ए कालका भी लेट पहूँची, लेकि‍न कालका से चलनेवाली शि‍वालि‍क ट्रेन इससे कनेक्‍टेड है, इसलि‍ए वह भी इस ट्रेन के कालका पहुँचने का इंतजार करती है।



धीरे-धीरे भोर हो चला था। बीच में इशान की नींद खुली, पर बोतल से दूध पीने के बाद वह फि‍र सो गया। इशान को मैंने अपने गोद में सुलाया हुआ था, और सीट काफी छोटी होने की वजह से काफी दि‍क्‍कत हो रही थी। कभी दुबारा आना हो तो बच्‍चे के लि‍ए भी सीट बुक कराना समझदारी रहेगी।
पहाड़ों के बीच ट्रेन चली जा रही थी। कालका से शि‍मला के बीच 105 सुरंग है। मैं इंतजार कर रहा था कि‍ कब टनल नंबर 33 आए और हम वहॉं उतर कर नाश्‍ता वगैरह ले सके।

क्रमश:

Monday, 6 December 2010

LUCKnow : by chance (अंति‍म कड़ी)

गाइड हमें लखनऊ के इमामबाड़े से बाहर ले आया क्‍योंकि‍ भुल-भुलैया जाने का रास्‍ता बाहर से था। भूख लग आई थी, पर अब भुलभुलैया और शाही बावली देखने के बाद ही खाने का इरादा बनाया। दोपहर के दो बजे तब धूप का पता ना था और ठंड शाम की तरफ पैर फैला रही थी। भुलभुलैये के पास वही टि‍कट दि‍खाकर हम सीढ़ि‍यों से करीब दो-तीन फ्लोर तक ऊपर चढ़ गए। सामने करीब 6 फुट का गलि‍यारा हर तरफ से नि‍कलता नजर आया।

भुल-भुलैया इमामबाड़े के हॉल के ऊपर ही बना हुआ है जि‍समें अनेक छज्‍जे व 489 द्वारों वाले एक जैसे रास्‍ते हैं।




इस संरचना का उद्देश्‍य मुस्‍लि‍म समाज की धार्मिक आवश्‍यकताओं की पूर्ति व 1784 ई. में हुए वि‍नाशकारी अकाल के दौरान लोगों को सहायता प्रदान करना था।
गाइड ने भुलभुलैये में ले जाते हुए कहा कि‍ ये रास्‍ता याद रखना क्‍योंकि‍ लौटते हुए हमें खुद इसी रास्‍ते से वापस लौटना है। वह उसे ज्‍यादा मुश्‍कि‍ल बता रहा था पर मुझे यह ज्‍यादा मुश्‍कि‍ल नहीं लगा। भुलभुलाये से ऊपर इमामबाड़े की छत से गोमती नदी के तरफ का दृश्‍य काफी सुंदर नजर आ रहा था।




बाहर आने के बाद हम शाही बावली की तरफ चल पड़े। आपको जानकर हैरानी होगी कि‍ ऐसी ही एक बावली दि‍ल्‍ली में कनॉट प्‍लेस के पास भी है-

गाइड ने बताया कि‍ अंग्रेजों से बचने के लि‍ए नवाब ने इसी में खजाने की चाबी गि‍रा दी थी। बाद में अंग्रेज इसका पानी नि‍कालते रहे पर यह बावली खाली ही नहीं होती थी। इसका कारण यह था कि‍ यह साथ बहनेवाली गोमती नदी से सीधे जुड़ी हुई थी।
यहॉ बैठकर बाहर से आनेवाले का रंगीन प्रति‍बिंब देखा जा सकता था, मगर वह खुद दूसरों को नजर नहीं आता।

गाइड को पैसे देकर इमामबाड़े से हम करीब एक घंटे में बाहर नि‍कल आए और बाहर नि‍कलते ही एक सुंदर इमारत रोड के उस पार नजर आई-

वहीं एक टांगेवाला हमें पकड़ लेता है और सुझाव देता है कि‍‍ आप छोटे इमामबाड़े और वहॉं के म्‍यूजि‍यम में जाकर समय खराब करना चाहते हैं तो आपकी मर्जी मगर आप चि‍कन की कढ़ाई की फैक्‍ट्री जाऍं तो ज्‍यादा बेहतर। मैं समझ गया कि‍ यहॉं आगरे के लाल कि‍ले के पास खड़े टांगेवालों का एक जैसा ही हाल है। वैसे इति‍हास के पन्‍नों से बाहर अब हम कला का नमूना देखना चाहते थे। हम तांगे पर बैठकर चल पड़े। सामने ही रूमी दरवाजा था जो इस तरफ से झरोखों से युक्‍त तीन मंजि‍ला दरवाजे के रूप में नजर आ रहा था जबकि‍...

उसपार नि‍कल जाने पर वह एक ऊँचे दरवाजे के रूप में खड़ा दि‍खाई दे रहा था और यही इसकी खासीयत थी-


तांगेवाला हमें बताने लगा कि‍ लखनऊ की‍ छ: चीजें प्रसि‍द्ध हैं-
1.इमामबाड़ा
2. तांगा
3. तहजीब
4. कुंदा कवाब
5.उमरावॅ जान
6. कपड़े पर चि‍कन का काम
आप समझ गए होंगे कि‍ तांगा दूसरे नंबर पर क्‍यों है, बकौल तांगेवाला- यह नवाबों की शाही सवारी थी। कपड़े की दुकान को फैक्‍ट्री बताकर उसने हमें एक जगह उतार दि‍या। दुकान के बाहर खड़े गार्ड ने हमें अंदर आने का आग्रह कि‍या।
हम असमंजस कदमों से अंदर गए और पूछा कि‍ यहॉं चि‍कन कढ़ाई का काम कहॉं चल रहा है। अंदर एक कमरे में एक लड़की बुनाई कढ़ाई का काम कर रही थी। उसके बाद हम दुकान के काउंटर पर गए।
20-25 मि‍नट में हम वापस जाने के लि‍ए ऑटो तलाश रहे थे। या तो हमें इस कला की समझ नहीं थी या ये जगह चि‍कन कढ़ाई की फैक्‍ट्री नहीं थी, या ये लखनऊ नहीं था और सबसे ज्‍यादा हम इस बात से सहमत थे कि‍ अब दि‍ल्‍ली में सबकुछ मि‍लता है और सही कीमत पर।
हजरतगंज लखनऊ का कनाट प्‍लेस है मगर अभी उसकी हालत बि‍गड़ी हुई थी। वहॉं का जनपथ मार्केटिंग के लि‍हाज से ठीक लगी, पर थी बहुत महंगी। शाम हो चुकी थी और ठंड बढ़ने के साथ हम घर पहुँच चुके थे। रात तो लखनऊ मेल से वापस जाने से पहले दोस्‍त के साथ डि‍नर भी करना था। मि‍ला जुलाकर लखनऊ को हम बस इमामबाड़े और दोस्‍त की मेहमानवाजी की वजह से याद रख सकते थे।
कोई ये समझाएगा कि‍ लखनऊ को अंग्रेजी में luck + now = lucknow क्‍यों लि‍खते हैं जबकि‍ होना चाहि‍ए lukhnou या कुछ और....
लगता है लखनऊ में जाते ही luck काम करने लगता है :)

.....क्‍योंकि‍ हमारी ये यात्रा भी रही 'luck' by chance.
पहली कड़ी के लि‍ए यहॉं क्‍लीक करें

आज शाम मैं अपनी पत्‍नी और बेटे के साथ 4 घंटे के लि‍ए शि‍मला-टूर पर जा रहा हूँ। 4 घंटे की टूर से हैरान मत होइए, लौटकर बताउँगा सफर के बारे में।

Sunday, 5 December 2010

लखनऊ और बस इमामबाड़ा...( पहली कड़ी )

लखनऊ मेल के टी.टी. ने हमे तब तक कंपार्टमेंट से बाहर टहलने को कहा, जब तक टि‍कट हाथ में ना आ जाए। गाजि‍याबाद में टि‍कट हमारे हाथ में आने के बाद ही हमने राहत की सॉंस ली। मेरे दोस्‍त ने सुबह हमें स्‍टेशन से रीसि‍व कि‍या। घर पहुँचकर हमने नाश्‍ता कि‍या और जि‍स मकसद से आए थे उससे शाम तक नि‍पटा आए। अब ऐसा लग रहा था कि‍ कल की जगह हमें आज रात की टि‍कट करवा लेनी चाहि‍ए थी। पर शाम को जब सब साथ बैठे तो गपशप में समय कैसे नि‍कल गया पता ही नहीं चला।
अगली सुबह हमने लखनऊ देखने का कार्यक्रम बनाया, वो भी रि‍क्‍शा से इमामबाड़े तक जाने का। पता चला एक घंटा लगेगा। मैंने ऑटो कि‍या और 15 मि‍नट में इमामबाड़ा सामने था।
प्रवेशद्वार से अंदर आते ही सामने यह प्राचीन इमारत अपनी ऐति‍हासि‍क दास्‍तॉं बयॉं कर रहा था।

पीछे पलटकर हमने जब प्रवेशद्वार को देखा तो वह और उसके सामने का लॉन कोहरे की उस सुबह में काफी रूमानी अहसास दे रहा था।

हमें कपड़े की मार्केट में भी जाना था, नहीं तो इस पार्क में बैठकर मैं जरूर सोचता कि‍ नवाब आसफ उद्दौला अपनी बेगम के साथ इस बनते हुए इमारत को यहॉं से खड़े होकर कि‍तनी बार देखते रहे होंगे।


वैसे तो ये भी एक प्रवेशद्वार ही था जहॉं से 50 रूपये का टि‍कट लेकर हम अंदर चले आए। अंदर आने के बाद सामने इमामबाड़ा नजर आया-



अब तक हम दो दरवाजे पीछे छोड़ आए थे-



क्‍लोजअप-


बॉंयी तरफ आसि‍फी मस्‍ि‍जद नजर आ रहा था।




इमामबाड़े में प्रवेश करने से पहले जूते उतारने पड़ते इसलि‍ए हमने पहले आसपास घूमना पसंद कि‍या। इमामबाड़े की दी‍वारों को नि‍हारती हुई मेरी बेगम-


अब हम इमामबाड़े की तरफ चल पड़े। वहॉं दरवाजे पर वर्दीधारी गाइड पर्यटकों को अपने रेट समझाने में व्‍यस्‍त थे। हमने 110 रूपये में एक गाइड साथ कर लि‍या जो हमें पहले इमामबाड़ा, फि‍र भूलभुलैया और अंत में शाही बावली की सैर कराता।
हालॉंकि‍ उसे साथ लेने का कोई खास फायदा नजर नहीं आया। प्रवेश द्वार के पास बोर्ड पर कामचलाऊ जानकारी लि‍खी मि‍ल गई थी जि‍सके अनुसार-
नवाब आसफ उद्दौला (1775-97 ई.) के नि‍र्देशानुसार 1784-91 के मध्‍य नि‍र्मित यह भव्‍य संरचना बड़ा इमामबाड़ा के नाम से वि‍ख्‍यात है जि‍सकी रूपरेखा वास्‍तुवि‍द् कि‍फायतुल्‍लाह द्वारा तैयार की गई थी। इस भवन में नवाब आसफ उद्-दौला व उनकी पत्‍नी शमसुन्‍नि‍सा बेगम की कब्रें हैं। इस इमारत में तीन मेहराबों वाले दो प्रवेश द्वार हैं।
इस तरह यह भी पाया कि‍ स्‍मारक के उत्‍तर में नौबतखाना, पश्‍चि‍म में आसफी मस्‍ि‍जद एवं पूरब में शाही बावली है, जबकि‍ मुख्‍य इमामबाड़ा दक्षि‍ण में स्‍ि‍थत है।
इमामबाड़े के अंदर आने पर लगभग तीन मंजि‍ला हॉल नजर आया जि‍सके बारे में तथ्‍य ये है कि‍ बि‍ना कि‍सी सहारे पर टि‍की केन्‍द्रीय हाल की वि‍शाल छत अपने में वि‍श्‍व की अनोखी मि‍साल है जि‍सकी लंबाई लगभग 50 मीटर और चौड़ाई 16.16 मीटर है,जबकि‍ इसकी ऊँचाई लगभग 15 मीटर है।


केन्‍द्रीय हाल के दोनों पार्श्‍वों में भी एक-एक कक्ष है तथा मुख्‍य इमारत का मुखभाग 7 मेहराब-युक्‍त द्वारों से सज्‍जि‍त है। चूने के गारे व लखौरी ईटों से नि‍मिर्मित इस मुख्‍य इमारत की अलंकृत मुंडेरे छतरि‍यों से सज्‍जि‍त हैं जि‍नकी बाहरी सतह पर चूने के मसाले से अदभुत डि‍जाइनें उकेरी गई हैं। इसका भीतरी भाग कीमती झाड-फानूसों, ताजि‍यों, अलम आदि‍ धार्मिक चि‍न्‍हों से सज्‍जि‍त है।


गाइड ने इस हाल के दूसरे छोर पर, जो करीब 50 मीटर की दूरी पर था, खड़ा हो गया और फुसफुसाया, साथ ही माचि‍स की ति‍ल्‍ली जलाई। उसकी प्रति‍ध्‍वनि‍ ऐसी थी जैसे पास ही खडे होकर यही गति‍वि‍धि‍ की गई हो। दरअसल इस हाल की छत पर पतली कि‍नारि‍यॉं बनाई गई है तो माइक का काम करती हैं। हॉल में इकट्ठे लोगों को भाषण साफ-साफ सुनाई दे, इसके लि‍ए200 साल पहले अपनाई गई यह तकनीक काफी वैज्ञानि‍क लगी।


अगली और अंति‍म कड़ी में भुलभुलैया और शाही बावली के बारे में बताऊँगा।

यात्रा ति‍थि‍: 22-23 नवम्‍बर 2010.

Sunday, 21 November 2010

बद्रीनाथ-औली यात्रा से वापसी (अंति‍म कड़ी)


ऐसा लग रहा है जैसे स्‍वर्ग से सीढी लगा कर सीधे पर्वतों पर उतर रहे हों, पर्वत एक वि‍राट दरवाजा हो जि‍सके आसपास बड़े-बड़े वृक्ष्‍ा भी हरे-भरे पत्‍तों के समान फैले हुए हों, घास की हरी घाटि‍यॉं तराई में जाकर जैसे सि‍मट रही हो.....
दि‍ल्‍ली की गर्मी से बाहर आने के बाद रोपवे से यह सुंदर पर्वतीय दृश्‍य अचानक आपको और भी हैरान अचंभि‍त कर देगा।
रोपवे टावर नं 10 से टावर नं.8 की तरफ चल पड़ी। वहॉं से पर्वतों का वि‍हंगम दृश्‍य उपर दि‍ए गए उपमान से भी कहीं ज्‍यादा सुंदर है।
मैं यह सोचकर उदास हो रहा था कि‍ ऑली तक कार से आने की वजह से मैं रोपवे का मजा नहीं ले पाउँगा, मगर पता चला कि‍ सुबह-सुबह रोपवे अपने ट्रायल पर टावर नं 10 से टावर नं 8 का एक चक्‍कर लगाती है और अनुरोध करने पर वे बिठा भी लेते हैं। इसलि‍ए हम ऊपर की तरफ टावर नं 8 से पैदल टावर नं 10 के लि‍ए चल पड़े थे। टावर नं 10 करीब एक कि‍मी. दूर दि‍खाई दे रहा था पर वहॉं जाना बेकार नहीं गया।

हम सभी केबल कार से वापस टावर नं 8 पर उतर गए। जोशीमठ से परि‍वार के अन्‍य सदस्‍य 10 बजे तक पहुँचने वाले थे और अभी 8 बज रहे थे।

वे सभी सदस्‍य सीधे टावर नं 10 पर ही उतारे जाते इसलि‍ए हम लोग फि‍र से 8 नं से उतरकर टावर नं 10 की तरफ चल पड़े। हालॉकि‍ वहॉं दुबारा जाने की हि‍म्‍मत नहीं हो रही थी।
रास्‍ते में एक जगह पत्‍थर और टीले नजर आ रहे थे। हमने शैलेंद्र जी को गब्‍बर का रॉल देकर 5 मि‍नट की शोले बनाई- 'कि‍तने आदमी थे' वाला सीन।

टावर नं 10 औली के ऊपरी हिस्‍से पर बना हुआ था। वहॉं एक कैंटीन है जहॉं मैगी जैसी चीज खाने-पीने को मि‍ल जाती है। पर्वतों को नि‍हारते हुए समय थम-सा गया था।

तभी रोपवे से केबल कार आती हुई नजर आई। एक ग्रूप तो आ गया मगर मेरी पत्‍नी, बेटा और कुछ अन्‍य सदस्‍य अगली पारी में करीब आधे घंटे बाद आते। मैं उन्‍हें मि‍स कर रहा था।




मैं सोच रहा था कि‍ औली से 11 बजे तक सब नीचे जोशीमठ ऊतर जाऍंगे और 12 बजे तक दि‍ल्‍ली के लि‍ए रवाना हो लेंगे। रात के अंधेरे में पहाड़ो पर कार चलाने से मैं बचना चाहता था और लेट होने का मतलब था श्रीनगर में रात गुजारना। यानी अगले दि‍न ऋषि‍केश तक फि‍र पहाड़ी रास्‍ता , और तब दि‍ल्‍ली....
सबने आस पास के दृश्‍यों का सपरि‍वार आनंद लि‍या, फोटो खिंचवाये, पर दूर नहीं गए क्‍योंकि‍ जल्‍दी ही सबको वापस लौटना था।

सभी सदस्‍यों के आने के बाद, उनके साथ 20-30 मि‍नट बि‍ताने के बाद मैं नीति‍न, रोहि‍त, अन्‍नू के साथ अपने बेटे इशान को भी लेकर कार तक जाने के लि‍ए पहाड़ से नीचे ऊतरने लगा।



पूरे रास्‍ते इशान को खूब मजा आया। तीन साल का बच्‍चा पहाड़ों की ढलान को पहली बार देख रहा था और उसपर बेलगाम लुढकने के लि‍ए उतारू था। हमें उसे संभालने में काफी मशक्‍कत करनी पड़ी। रास्‍ते में एक बेहद खूबसूरत जगह झूले भी लगे हुए थे।
(नीति‍न के साथ इशान)


हम सभी औली से जोशीमठ 12 बजे तक पहुँच गए मगर खाना-पीना नहीं हुआ था, कि‍सी तरह सभी एक जगह इकट्ठे हुए और फि‍र काफि‍ला चल पड़ा। मैं आगे-आगे चल पड़ा। बस अब एक ही धुन सवार था कि‍ कि‍सी तरह पहाड़ी रास्‍ता पार कर लूँ।
चमोली, कर्णप्रयाग,रूद्रप्रयाग, देवप्रयाग पार करते-करते अंधेरा छा चुका था, और करीब 70 कि‍.मी. का रास्‍ता बचा था। 8 बज गए थे और हमें कि‍सी भी तरह ऋषि‍केश पहँचकर हॉटल लेना था। देवप्रयाग तक नॉनस्‍टॉप ड्राइव करते करते पस्‍त हो चुका था, लेकि‍न नीति‍न रोहि‍त ने रास्‍ते का ख्‍याल रखा और मुझे सावधान करते रहे।
देवप्रयाग पहुँचने पर पता चला कि‍ पीछे से आने वाली दोनो गाड़ि‍यॉं रूद्रप्रयाग में ही रूक रही हैं क्‍योंकि‍ अन्‍नू की तबीयत अचानक काफी खराब हो गई है।
खैर मैं कि‍सी तरह ऋषि‍केश 10 बजे तक पहुँच ही गया। सब मेरी ड़ाइविंग से हैरान थे और मैं थकान से चूर-चूर।
कब खाया, कब सोया कुछ पता नहीं चला।
अगले दि‍न सुबह-सुबह हम ऋषि‍केश से दि‍ल्‍ली के लि‍ए चल पड़े और करीब 2 बजे मैं अपने घर पर आराम कर रहा था।
उस वक्‍त तक काफि‍ले की बाकी दोनों गाड़ि‍यॉं ऋषि‍केश तक ही पहुँच पाई थी.....
(यात्रा समाप्‍त।)

8वीं सदी में आदि‍ शंकराचार्य ने बद्रीनाथ के इस तीर्थ की तलाश की थी। आदि‍ शंकराचार्य मलयाली थे। केरल के नम्‍बुदरी ब्राह्मण बद्रीनारायण मंदि‍र के प्रति‍ बेहद आस्‍थावान है।
हम सभी इस धार्मिक और पर्वतीय यात्रा से गदगद हुए और एक यादगार लम्‍हा जीया।

अब पि‍छली कड़ी में पूछे गए प्रश्‍न का जवाब देता हूँ,क्षमा भी चाहता हूँ कि‍ इस कड़ी का समापन इतने दि‍नों बाद कर रहा हूँ-
पि‍छली कड़ी में मैंने पूछा था कि‍ ऑली की इस तस्‍वीर में यह रास्‍ता कि‍स काम आता है?
यह रास्‍ता स्‍कीइंग के लि‍ए प्रयोग कि‍या जाता है। इन दि‍नों अब बर्फ के कृत्रि‍म फव्‍वारे भी लगाये जा रहे हैं ताकि‍ कम बर्फबारी में स्‍कीइंग के लि‍ए पर्याप्‍त बर्फीला रास्‍ता बरकरार रहे।


पानी का संचय भी इसी लि‍ए कि‍या गया है कि‍ इसे बर्फ के फव्‍वारे बनाने के लि‍ए इस्‍तमाल कि‍या जा सके।


दूसरा प्रश्‍न नीचे दि‍खाई गई इन दो तस्‍वीरों से संबंधि‍त था।







मैंने पूछा था कि‍ ऑली में इन खंभों का इस्‍तमाल कि‍स लि‍ए कि‍या जाता है?
दरअसल स्‍कीइंग के प्रति‍योगि‍यों को ऊँचाई पर लाने-ले जाने के लि‍ए यह कुर्सीनुमा ट्राली है जो रोपवे के माध्‍यम से ऊपर तक जाती है। केबल कार में अधि‍कतम 25 लोग आ सकते हैं जो जोशीमठ से ऑली तक आना-जाना करती है, मगर यह चेयर-ट्रॉली औली में स्‍कीइंग के एक स्‍पॉट से दूसरे स्‍पॉट पर एक सवारी/प्रति‍योगी को लाती-ले जाती है।
अंतर सोहि‍ल और नीरज भाई ने पहले सवाल का जवाब सही दि‍या था।

जाते-जाते याद दि‍लाना चाहुँगा कि‍ औली में एक ही रि‍सॉर्ट है- क्‍लीफ टॉप, इसके अलावा वहॉं और कोई हॉटल नहीं है।
स्‍कीइंग का आनंद उठाने की बड़ी तमन्‍ना है, देखता हूँ क्‍लीफ टॉप में रूकने का कब अवसर मि‍लता है।

पि‍छली कड़ि‍यॉं-

पर्वतों से आज मैं टकरा गया........(भाग 4)
बद्रीनाथ: एक रोमांचक सफर (भाग 3)

बद्रीनाथ: एक रोमांचक सफर (भाग 2)

बद्रीनाथ: एक रोमांचक सफर (भाग 1)